दुनिया में युद्ध के हालात, देश में पूर्ण बहुमत वाली मजबूत व स्थिर सरकार जरूरी : पीएम मोद

एक राष्ट्र, एक चुनाव' के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की कही बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा का चुनाव घोषणा पत्र ( संकल्प पत्र ) जारी करने के बाद दुनिया के तनावपूर्ण माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि आज विश्व में अनिश्चितता के बादल छाए हुए हैं, युद्ध की स्थिति बनी हुई है और वैश्विक संकट व तनाव भरे वैश्विक माहौल में दुनिया भर में बसे भारतीयों की सुरक्षा उनकी सरकार कीप्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में इतने प्रकार के तनाव और संकट फैले हुए हों, तब ऐसे समय में भारत में एक मजबूत, पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार की जरूरत कई गुना बढ़ जाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के मतदाताओं से लोकसभा चुनाव में फिर से चुनाव में जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा के लिए दल से बड़ा देश है और वह देशहित में बड़े और कड़े निर्णय लेने से कभी पीछे नहीं हटती। 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा देश हित में समान नागरिक संहिता को लागू करने को देश के लिए अहम मानती है। केंद्र में तीसरी बार सरकार बनने के बाद के सरकार के एजेंडे को सामने रखते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने देखा है कि 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर कितनी बड़ी और कड़ी कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि गरीबों को लूटने वाले जेल जा रहे हैं और भ्रष्टाचारियों पर ऐसे ही निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र पर 4 जून को नतीजे आने के बाद तेजी से काम शुरू हो जाएगा। सरकार पहले ही 100 दिन के एक्शन प्लान पर काम करना प्रारंभ कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र वह मोदी की गारंटी के रूप में देशवासियों के समक्ष आशीर्वाद के लिए रख रहे हैं। 140 करोड़ देशवासियों के सपनों को हकीकत में बदलने के लिए भाजपा यह संकल्प पत्र लेकर आई है।

वह देशवासियों से प्रार्थना करते हैं कि इस संकल्प पत्र को लागू करने के लिए, देश को तेज गति से आगे बढ़ाने के लिए, उन्हें आशीर्वाद दें, उनकी शक्ति और ज्यादा बढ़ाएं।उन्होंने कहा कि नारीशक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बन चुका है। भाजपा ने अनुच्छेद 370 हटाया और वे सीएए लेकर आए। उन्होंने वादा किया कि भाजपा देश के कोने-कोने में वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार करेगी। देश में तीन प्रकार की वंदे भारत- स्लीपर, चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो चलेगी। उसी प्रकार से आधुनिक और विकसित भारत की दिशा में आज अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम तेजी से चल रहा है और पूर्ण होने की ओर है।

अब भाजपा का संकल्प है कि आने वाले समय में उत्तर, दक्षिण और पूर्वी भारत में एक-एक बुलेट ट्रेन के प्रोजेक्ट से आधुनिकता की तरफ जाने को गति दिया जाए। इसके लिए जल्द ही सर्वे शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के संकल्प पत्र के बारे में कहा कि यह संकल्प पत्र युवा भारत की युवा आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है, यह संकल्प पत्र विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभों- युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीबों और किसानों को सशक्त करता है।